भारत और पाकिस्तान के बीच शांति वार्ता के प्रयास जारी हैं और इसे स्थगति करने जैसी कोई स्थिति नहीं है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि वार्ता को लेकर दोनों देशों के बीच प्रक्रिया जारी है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि की है। वहां के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा कि दोनों देशों के बीच शांति वार्ता के प्रयास जारी हैं। दोनों ही देशों के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ताओं के बयान पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित के नई दिल्ली में विदेशी पत्रकार क्लब में दिये वक्तव्य के एक दिन बाद आया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बृहस्पतिवार 7 अप्रैल को बासित का बयान आने के बाद भी इसी तरह की प्रतिक्रिया दी थी।
अमर उजाला से बातचीत में स्वरूप ने कहा कि हम अपने वक्तव्य पर कायम हैं और शांति वार्ता के बाबत दोनों देशों के शीर्ष अधिकारी लगातार संपर्क में है। इसके ढांचे, मुद्दे आदि को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत हो रही है, लेकिन अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि शांति वार्ता के लिए कौन सा समय तय है।