पहले चीन और फिर पाकिस्तान के साथ आई रिश्तों में खटास के बाद कूटनीतिक मोर्चे पर भारत चीन के साथ नई पहल करने जा रहा है। मौका है चीनी विदेश मंत्री के दिल्ली दौरे का, जिसमें भारत अब चीन से परस्पर हितों के उन सभी मुद्दों पर चर्चा करना चाहता है, जिन्हें लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों देशों के बीच गलत फहमी पैदा हुई।
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बातचीत में ही चीन के साथ रिश्तों की वह ताजा जमीन तैयार होगी, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन के लिए अपनी चीन यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिन पिंग से तमाम मुद्दों पर दो टूक बात करेंगे। चीन के विदेश मंत्री वांग यी अगले सप्ताह भारत आ रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप के अनुसार वांग यी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बीच आपसी हित से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। माना जा रहा है कि वांग यी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रस्तावित द्विपक्षीय वार्ता की रूपरेखा को लेकर भी चर्चा होगी।