भारत ने आतंक के खिलाफ लड़ाई में आसियान देशों से समर्थन देने का आग्रह किया है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को आसियान देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आतंक के खिलाफ लड़ाई में भारत का साथ देने का आग्रह किया।
चौथे भारतीय-आसियान एक्सपो और सम्मेलन में सिंह ने कहा कि व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देने के लिए शांत और सुरक्षित माहौल आवश्यक शर्त है। पुलवामा में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आतंक के खिलाफ मुकाबले के लिए सहयोग बढ़ाने और मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं।
भारत और आसियान देशों के बीच व्यापार की संभावनाओं पर राजनाथ ने कहा कि आज भारत का आधे से अधिक व्यापार पूर्व की तरफ जा रहा है। उन्होंने आसियान देशों के साथ लोगों से लोगों के बीच संपर्क, कनेक्टिविटी और व्यापारिक संबंध बढ़ाने की बात कही। राजनाथ ने कहा कि ‘एक्ट ईस्ट नीति’ का मुख्य उद्देश्य पूर्व के देशों के साथ भारत के आर्थिक संबंधों को मजबूती देना है। मालूम हो कि आसियान देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार 2005-06 के 21 अरब डॉलर के मुकाबले 2017-18 में तीन गुना से अधिक बढ़ कर 81.33 अरब हो गया है।