पूर्वी लद्दाख में सीमा पर शांति स्थापित करने के प्रयासों के तहत भारत और चीन के सैनिकों के पीछे हटने को लेकर भारत ने कहा है कि इसमें कुछ प्रगति हुई है, लेकिन यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह बात बीते दिनों आए चीन के उस कथित बयान पर कही है जिसमें उसने कहा था कि दोनों देशों के सैनिकों के पीछे हटने की कवायद सीमा पर अधिकतर स्थानों पर पूरी हो गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने चीन के इस दावे के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में ऑनलाइन माध्यम से कहा, ‘इस उद्देश्य की दिशा में कुछ प्रगति हुई है लेकिन पीछे हटने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।’ उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही आई कुछ खबरों में चीन ने कथित तौर पर सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया अधिकतर स्थानों पर पूरे होने की बात कही थी। चीन ने यह भी कहा था कि जमीन पर हालात सामान्य हो रहे हैं।
श्रीवास्तव ने कहा, 'दोनों सेनाओं के वरिष्ठ कमांडर निकट भविष्य में बैठक करेंगे ताकि पीछे हटने की प्रक्रिया को पूरा करने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जा सके। उन्होंने कहा, 'जैसा कि हमने पहले ही कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखना हमारे द्विपक्षीय संबंधों का आधार है। ’’
उन्होंने कहा ‘इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि चीनी पक्ष यथाशीघ्र पूरी तरह से पीछे हटने, तनाव कम करने और सीमावर्ती क्षेत्र में पूरी तरह से शांति बहाल करने के लिए हमारे साथ गंभीरता से काम करेगा जिस पर हमारे विशेष प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी थी।’