इस साल नवंबर में देश में 645 बार भारी बारिश हुई है तो बहुत भारी बारिश की 168 घटनाएं हुई हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को बताया कि नवंबर माह के लिए पिछले पांच साल में यह आंकड़ा सबसे अधिक है। भारी से बहुत भारी बारिश की अधिकतर घटनाएं प्रायद्वीपीय भारत से आईं। इस दौरान आंध्र प्रदेश में 44, तमिलनाडु में 16, कर्नाटक में 15 औप केरल में तीन लोगों की जान चली गई।
आईएमडी ने कहा कि देश में नवंबर में अत्यधिक वर्षा (204.5 मिलीमीटर से अधिक) 11 बार दर्ज की गई। पिछले साल भी यह आंकड़ा यही था। वहीं, नवंबर 2019 में अत्यधिक भारी बारिश की एक भी घटना नहीं हुई थी, 2018 में यह आंकड़ा चार और 2017 में एक था। इसके अलावा भारी बारिश (64.5 मिमी से 115.5 मिली तक) की 645 और अत्यधिक भारी बारिश (115.6 से 204.5 मिमी तक) की 168 घटनाएं हुईं।
1901 के बाद नवंबर में हुई सबसे ज्यादा बारिश
इस साल नवंबर में बारिश के हालात देखें तो इस बार भारी बारिश की घटनाएं पिछले चार सालों के कुल से भी अधिक हुई हैं। आईएमडी ने बताया कि प्रायद्वीपीय भारत में इस साल नवंबर के दौरान औसत (89.5 मिमी) से 160 फीसदी अधिक (232.7 मिमी) बारिश हुई है। साल 1901 के बाद से नवंबर में इस बार सबसे ज्यादा बारिश हुई है। पूरे देश में इस माल 56.5 मिमी बारिश हुई जो औसत से 85.4 फीसदी अधिक है।