पाकिस्तान के एक पूर्व सैन्य अधिकारी के कुलभूषण जाधव को ईरान से अगवा करने संबंधी स्वीकारोक्ति पर भारत ने कहा है कि आखिरकार इस मामले का सच सामने आ गया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने कहा कि इस मामले में हम पहले ही दिन से कह रहे हैं कि जाधव का पाकिस्तान ने ईरान से अपहरण किया है। अब पाकिस्तान सेना के पूर्व ले. जनरल के कबूलनामे ने भारत के दावे को पुख्ता कर दिया है।
बागले ने कहा कि इस स्वीकारोक्ति पर फिलहाल वह इससे ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे। क्योंकि यह मामला इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (आईसीज) में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इस मामले की वर्तमान स्थिति यह है कि भारत को अब तक जाधव के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
जाधव की मां की ओर से दी गई अपील पर क्या कदम उठाए गए हैं, इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई है। भारत को नहीं पता कि जाधव कहां और किस हाल में हैं। उन्हें अपना बचाव करने के लिए कोई कानूनी मदद दी भी जा रही है या नहीं। बागले ने बताया कि आईसीजे के आदेश के बावजूद पाकिस्तान ने भारत को जाधव तक राजनयिक पहुंच नहीं दी है।