अब जानिए आज शनिवार यानी 10 मई का अपडेट
जम्मू के पास भारतीय सेना ने पाकिस्तानी चौकियों और आतंकवादी लॉन्च पैड्स को नष्ट कर दिया। इन्हीं जगहों से ट्यूब लॉन्च ड्रोन के जरिए भारत में घुसपैठ कर कोशिशें की जा रही थीं। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान में कम से कम चार एयरबेसों को भारतीय हमलों का निशाना बनाया गया। इस बीच यह भी बताया गया कि श्रीनगर और आस-पास के इलाकों में पाकिस्तान के साथ भारी मुठभेड़ चल रही है। सेना ने इलाके में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली सक्रिय कर दी है।
सुबह 5 बजे अमृतसर के खासा कैंट के ऊपर हथियारबंद ड्रोन देखे गए
रक्षा अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों और अन्य हथियारों के साथ हमारी पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले जारी हैं। ऐसी ही एक घटना में आज सुबह लगभग 5 बजे अमृतसर के खासा कैंट के ऊपर दुश्मन के कई हथियारबंद ड्रोन उड़ते देखे गए। हमारी वायु रक्षा इकाइयों ने तुरंत ही दुश्मन के ड्रोनों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया।
पाकिस्तान रेंजर्स की चौकियों और संपत्तियों को व्यापक नुकसान
इससे पहले बीएसएफ ने बताया कि 9 मई 2025 को रात लगभग 9 बजे पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के जम्मू सेक्टर में बीएसएफ चौकियों पर गोलीबारी की। बीएसएफ ने उचित तरीके से जवाब दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स की चौकियों और संपत्तियों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए हमारा संकल्प अडिग है।
सियालकोट के लूनी में आतंकवादी लॉन्च पैड नष्ट
अखनूर क्षेत्र के सामने पाकिस्तान के सियालकोट जिले के लूनी में आतंकवादी लॉन्च पैड को BSF ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया। इससे पहले गुजरात के कच्छ सेक्टर में एल-70 एयर डिफेंस गन का इस्तेमाल कर भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के एक हथियारबंद ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया।
ओडिशा सरकार ने सभी स्वीकृत छुट्टियां रद्द कीं
युद्ध जैसे हालात को देखते हुए ओडिशा सरकार ने RDCs, कलेक्टर और DMs की सभी स्वीकृत छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें तुरंत मुख्यालय लौटने और ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान कोई और छुट्टी नहीं दी जाएगी।
विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- फोटो : Amar Ujala
विदेश मंत्रालय की ब्रीफिंग
विदेश मंत्रालय ने शनिवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बीती रात पाकिस्तान की नापाक हरकतों और दुष्प्रचारों का भंडाफोड़ किया गया। यह भी बताया गया कि कैसे भारतीय सेना ने पाकिस्तान के हर नापाक मंसूबों को नाकाम किया और जवाब में उसके सैन्य ठिकानों को सटीकता से निशाना बनाया। पाकिस्तानी दुष्प्रचार के दावों को खारिज करते हुए भारत ने भारतीय वायु सेना के ठिकानों की तस्वीरें दिखाईं जहां कोई क्षति नहीं पहुंची है।
पाकिस्तान ने किया हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल
कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले कर रही है। उसने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने उधमपुर, आदमपुर, भुज, पठानकोट और बठिंडा स्टेशन में वायुसेना के ठिकानों पर हमारे उपकरणों और कर्मियों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने पंजाब के वायुसेना बेस को निशाना बनाने के लिए रात 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया। पाकिस्तान ने श्रीनगर, अवंतीपोरा और उधमपुर में वायुसेना के ठिकानों पर अस्पतालों और स्कूल परिसरों को निशाना बनाया।
पाकिस्तान के इन सैन्य ठिकानों पर भारत ने की जवाबी कार्रवाई
चकलाला, मुरीद, रफीकी, रहीमयार खान, सुक्कूर, चुनियांन, पसरुर, सियालकोलट।
'ऑपरेशन सिंदूर' में पांच खूंखार आतंकियों को मिट्टी में मिलाया गया
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। अब खबर आ रही है कि इसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पांच खूंखार आतंकियों को ढेर कर दिया है। जिन आतंकियों की सूची समने आई है, उसमें मसूद अजहर का भाई और उसके बीवी का भाई भी शामिल है। वह आईसी-814 अपहरण मामले में वांछित था।
'किसी भी आतंकवादी कृत्य को युद्ध की कार्रवाई मानेगा भारत'
पाकिस्तान के साथ लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया है कि देश में भविष्य में किसी भी आतंकवादी कृत्य को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। सरकारी सूत्र ने बताया कि भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि भावी आतंकी वारदातों को युद्ध छेड़ने का प्रयास मानते हुए उसी के अनुसार जवाब दिया जाएगा।
भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम लागू
भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को संघर्ष विराम हो गया है। भारतीय सेना की ओर से दिए जा रहे मुंहतोड़ जवाब के चलते बैकफुट आए पाकिस्तान की पहल पर भारत संघर्ष विराम के लिए राजी हुआ है। दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष विराम की पुष्टि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, 'पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने आज दोपहर 3:35 बजे भारतीय डीजीएमओ को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 1700 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 1200 बजे फिर से बात करेंगे।'
सेना की दो टूक- भविष्य में उकसावे पर होगी निर्णायक कार्रवाई
भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कैसे हुआ, आज भारतीय सेना के शीर्ष सैन्य अधिकारियों में शुमार कॉमोडोर रघु नायर, कर्नल शोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने पाकिस्तानी मीडिया, सरकार और सेना की तरफ से लगातार फैलाए जा रहे झूठ की पोल भी खोली। कमोडोर रघु नायर ने कहा, जैसा कि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया, समुद्र, हवा और जमीन पर सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने के लिए पाकिस्तान और भारत दोनों सहमति हो गए हैं। भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना को इस सहमति का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
चार घंटे में ही टूट गया संघर्ष विराम, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और गुजरात में दिखे पाकिस्तानी ड्रोन, श्रीनगर में धमाके
शाम पांच बजे संघर्ष विराम का एलान किया गया। इसके चार घंटे में ही पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ दिया। रात नौ बजे से पाकिस्तान की ओर से एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फायरिंग शुरू कर दी गई। कुछ इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन नजर आए। उधमपुर में ब्लैकआउट के बीच भारत की वायु रक्षा ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका। यहां विस्फोटों की आवाज सुनाई दी। श्रीनगर में विस्फोटों की आवाज गूंजी। जोरदार धमाके सुनाई दिए। जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया कि संघर्ष विराम को क्या हो गया? श्रीनगर में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में ब्लैकआउट हो गया है। गुजरात के कच्छ में भी पाकिस्तानी ड्रोन नजर आए। इसके अलावा पठानकोट, मोगा और फिरोजपुर में ब्लैकआउट हो गया। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका।
विदेश सचिव मिस्री बोले- पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया
पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद विदेश मंत्रालय ने रात 11बजे प्रेस ब्रीफिंग की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से चल रही सैन्य कार्रवाई को रोकने के लिए आज शाम भारत और पाकिस्तान के DGMOs के बीच एक सहमति बनी थी। पिछले कुछ घंटों से पाकिस्तान की ओर से इस सहमति का उल्लंघन किया जा रहा है। भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और सीमा पर इस घुसपैठ से निपट रही है। यह घुसपैठ बेहद निंदनीय है और इसके लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है। हमारा मानना है कि पाकिस्तान को इस स्थिति को ठीक से समझना चाहिए और इस घुसपैठ को रोकने के लिए तुरंत उचित कार्रवाई करनी चाहिए। सशस्त्र बल स्थिति पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ-साथ नियंत्रण रेखा पर सीमा उल्लंघन की किसी भी पुनरावृत्ति की घटना से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ
- फोटो : एएनआई (फाइल)