के अन्नामलाई और उदयनिधि स्टालिन
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए मैच में दर्शकों द्वारा धार्मिक नारे लगाने का विवाद बढ़ता दिख रहा है। दरअसल तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने मैच के दौरान धार्मिक नारे लगाए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की थी और इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। अब तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने उदयनिधि स्टालिन को जवाब दिया है। अन्नामलाई ने कहा है कि स्टालिन सिर्फ सनातन धर्म की ही आलोचना क्यों कर रहे हैं?
के अन्नामलाई ने दिया स्टालिन को जवाब
के अन्नामलाई से जब उदयनिधि स्टालिन के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि 'खेल को खेल की तरह देखा जाना चाहिए, इस बात से उदयनिधि स्टालिन का कोई लेना-देना नहीं है। आखिर उदयनिधि स्टालिन सिर्फ सनातन धर्म की ही आलोचना क्यों कर रहे हैं।' बता दें कि शनिवार को अहमदाबाद में खेले गए भारत पाकिस्तान मैच में दर्शकों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने 'जय श्री राम' के नारे लगाए।
उदयनिधि स्टालिन ने जताई थी नाराजगी
तमिलनाडु सरकार के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने इसे लेकर एक सोशल मीडिया पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि 'भारत अपनी मेहमान-नवाजी और खेल भावना के लिए जाना जाता है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। खेल लोगों को जोड़ने वाली ताकत होना चाहिए। इसे नफरत का औजार बनाना पूरी तरह से निंदनीय है।'
बता दें कि उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को लेकर दिए एक बयान को लेकर पहले भी खूब हंगामा हो चुका है। उदयनिधि स्टालिन ने अपने उस बयान में सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया से की थी, जिस पर सनातन के अनुयायियों ने आपत्ति जताई थी। भाजपा ने भी इसे लेकर उदयनिधि स्टालिन पर तीखा हमला बोला था।