मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून के फिर से सक्रिय होने के बाद उत्तरी क्षेत्र सहित देश के कई हिस्सों में अगले छह-सात दिनों में भारी बारिश होगी। 18 से 21 जुलाई तक पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में भारी वर्षा होने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज से 21 जुलाई तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया है। विभाग का अनुमान है कि 18 जुलाई को उत्तर प्रदेश, 19 जुलाई को जम्मू और 18 और 19 जुलाई को उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है।
विज्ञापन
मौसम विभाग ने जारी किया 18 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जुलाई को दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हल्की बारिश के आज से ही शुरु होने की संभावना है।
लोगों को मिलेगी गर्मी और उमस से राहत
बारिश नहीं होने के कारण राजधानी में लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है जिससे लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।