संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने गुरुवार को कहा कि भारत जी20 की अध्यक्षता कर रहा है और यह भारत के 140 करोड़ लोगों की ताकत को दिखाता है। रुचिरा कंबोज ने कहा कि हमने जी20 को लोगों का जी20 बना रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र में एक अनौपचारिक बैठक के दौरान भारत की स्थायी प्रतिनिधि ने ये बातें कही।
'भारत ने बनाया लोगों का जी20'
उन्होंने कहा कि जैसा कि हमारे प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत द्वारा जी20 की अध्यक्षता करना 140 करोड़ भारतीयों की ताकत को दर्शाता है। हम जी20 को देश के लोगों तक लेकर गए हैं और हम इसे लोगों का जी20 बना रहे हैं। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि हमने कई महत्वपूर्ण बैठकें की हैं, जिनमें विदेश मंत्रियों की बैठक, वित्त मंत्रियों की बैठक और केंद्रीय बैंकों के गवर्नर्स की बैठकें शामिल हैं।
ये भी पढ़ें-
United Nations:संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि ने कहा- सुरक्षा परिषद में विस्तार बेहद जरूरी
महिला सशक्तिकरण पर सरकार का जोर
रुचिरा कंबोज ने कहा कि जी20 के आयोजनों में भारत निजी क्षेत्र, यूनिवर्सिटीज, सिविल सोसाइटी और युवाओं को शामिल कर वैश्विक मुद्दों पर एक नई सोच पैदा कर रहा है। कंबोज ने कहा कि हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लैंगिक समानता की दिशा में काम कर रहे हैं और इसमें बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, डिजिटल इंडिया, माई गवर्नमेंट जैसे कार्यक्रमों का अहम योगदान है। भारतीय राजदूत ने कहा कि उनकी सरकार ने कई ऐसे नागरिक केंद्रित डिजिटल पहल की है, जिनका फोकस महिलाओं को आर्थिक, तकनीकी और रोजगार के स्तर पर सक्षम बनाना है।
एक दिसंबर से जी20 की अध्यक्षता कर रहा भारत
बता दें कि एक दिसंबर से दुनिया के शक्तिशाली समूह जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। भारत के दुनिया में बढ़ते महत्व को दर्शाने के लिए जी20 का वैश्विक मंच महत्वपूर्ण है और भारत की भी कोशिश है कि इस मंच का भरपूर इस्तेमाल किया जाए। जी20 में दुनिया के वो देश शामिल हैं, जिनकी कुल जीडीपी, दुनिया की कुल जीडीपी की 85 फीसदी है। जी20 के सदस्य देशों में अर्जेंटीना, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपीय यूनियन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, कोरिया गणराज्य, तुर्किए, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं।