देश में एक बार फिर से कोविड-19 संक्रमण के मामले में बढ़ने लगे हैं। दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल जैसे कई राज्यों में जहां एक महीने पहले तक कोरोना मगामारी के मामले शून्य पर पहुंच चुके थे, वहां भी संक्रमण के नए मामले चिंता बढ़ाने लगे हैं। हालांकि सोमवार की तुलना में मंगलवार को कम केस दर्ज किए।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमण के 5676 नए केस सामने आए हैं, जबकि सोमवार को यह संख्या 5,880 थी। साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 37 हजार के पार पहुंच गई है।
देशभर के अस्पतालों में ‘मॉक-ड्रिल’
ऐसे में कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच सोमवार को अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए देशभर में सरकारी और निजी अस्पतालों में ‘मॉक-ड्रिल’ की गई, जो मंगलवार को भी जारी रही। गौरतलब है, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने 7 अप्रैल को हुई कोविड समीक्षा बैठक में राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से अस्पतालों का दौरा करने और 10 एवं 11 अप्रैल को तैयारियों का निरीक्षण करने का अनुरोध किया था।
21 लोगों की गई जान
आंकड़ों के अनुसार, सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 37,093 हो गई है। अब तक 44,200,079 लोग ठीक हो चुके हैं, जिससे रिकवरी दर बढ़कर 98.73 प्रतिशत हो गई है। इस बीच, देश में पिछले 24 घंटों में 21 मौतें हुईं, जिससे मरने वालों की संख्या 53,10,00 हो गई। वहीं मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज किया गया। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोरोना वैक्सीन की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
महाराष्ट्र में कोरोना के 919 नए मामले
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस के 919 नए मामले सामने आए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 81,51,176 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत होने से राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 1,48,461 हो गई। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की मौत अकोला शहर में हुई।
242 मामले मुंबई में आए
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि नवीनतम मामलों में से 242 मामले मुंबई में, नागपुर में 105 मामले, पुणे में 58 और नवी मुंबई में 57 मामले सामने आए थे। कोरोना वायरस संक्रमण से 710 मरीजों के ठीक होने के बाद मंगलवार को राज्य में ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 79,97,840 हो गई। राज्य में अब 4,875 उपचाराधीन मामले हैं।
एक दिन पहले घट थमी थी रफ्तार
महाराष्ट्र में एक दिन पहले, संक्रमण के मामलों में गिरावट देखी गई थी, क्योंकि राज्य में 328 मामले सामने आए थे, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। रविवार को संक्रमण के 788 मामले सामने आए थे।