इंटरनेट पर सोशल मीडिया और अन्य तरीकों के जरिए आतंक को बढ़ावा देने की कोशिशों के खिलाफ शुरू हुई वैश्विक पहल से भारत भी जुड़ गया है। भारत ने बुधवार को पेरिस में लांच की जा रही इस अहम पहल में फ्रांस, न्यूजीलैंड, कनाडा समेत दर्जनों अन्य देशों का साथ देने की घोषणा की। इस पहल से जुड़ रहे देशों का मकसद ऑनलाइन आतंकवाद को खत्म करना और इंटरनेट का सुरक्षित बनाना है।
अधिकारियों ने बताया कि न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर की मस्जिदों में 15 मार्च को हुए आतंकी हमले में 51 लोगों की मौत के बाद उस शहर के नाम पर इस पहल को ‘क्राइस्टचर्च कॉल टू एक्शन’ नाम दिया गया है। ‘क्राइस्टचर्च कॉल टू एक्शन’ को लेकर की गई घोषणा में कहा गया कि एक स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित इंटरनेट एक शक्तिशाली उपकरण है। इससे कनेक्टिविटी, सामाजिक समावेश और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
हालांकि, इसमें कहा गया है कि इंटरनेट आतंकवादी और हिंसक चरमपंथियों से अछूता नहीं है और आतंकवादी समूहों से इंटरनेट को सुरक्षित करने के लिए विश्व स्तर पर सामूहिक प्रयासों को अंजाम देने की आवश्यकता है।