नकदी संकट से जूझ रही केंद्र सरकार को पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने से चालू वित्त वर्ष में 1.6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिल सकता है। इससे सरकार को कोरोना से हुए नुकसान की भरपाई करने में मदद मिलेगी।
औद्योगिक सूत्रों का कहना है कि वित्त वर्ष 2019-20 के बराबर उपभोग होने पर सरकार को 1.7 लाख करोड़ की आय होने की उम्मीद है, लेकिन लॉकडाउन के चलते ईंधन के उपयोग में कमी आई है। ऐसे में चालू वित्त वर्ष 2020-21 के बचे 11 महीनों में इस बढ़ोतरी से होने वाली अतिरिक्त आय 1.6 लाख करोड़ रुपये रह सकती है।
राहुल बोले...बढ़ोतरी वापस ले सरकार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, कोरोना से लड़ाई करोड़ों लोगों के लिए गंभीर आर्थिक संकट का कारण बनी हुई है। इस समय सरकार का पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 और 13 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का फैसला गलत है। इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।