महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 90 साल की एक बुजुर्ग महिला ने खतरनाक कोरोना वायरस को मात दे दी है। इस वैश्विक महामारी की चपेट में आई यह महिला स्वस्थ होकर घर लौट गई। मंगलवार को सिविल अस्पताल से महिला को छुट्टी मिल गई। इसके अलावा प्रशासन ने बताया कि मीरा भयंदर नगर में 7 महीने के एक बच्चे के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
तमिलनाडु में 7 मई से शराब की कीमतों में अधिकतम 20 रुपये की वृद्धि की जाएगी। राज्य सरकार ने कहा कि भारत में निर्मित विदेशी शराब पर आबकारी शुल्क में 15 प्रतिशत की वृद्धि के बाद यह आदेश जारी किया जा रहा है। सामान्य ब्रांड की 180 मिलीलीटर आईएमएफएल की कीमत में दस रुपये तक की बढ़ोतरी होगी, जबकि प्रीमियम शराब की कीमत में 20 रुपये तक की वृद्धि होगी।
देशभर में शराब खरीदने के चक्कर में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ने की खबरों के बीच अब पुणे जिला प्रशासन ने इसके लिए टोकन सिस्टम की शुरुआत की है। डिवीजनल कमिश्नर दीपक माहेस्कर ने बताया कि बिना टोकन कोई भी व्यक्ति शराब नहीं खरीद सकेगा। वहीं, तेलंगाना में बुधवार से शराब की दुकानें खुल गईं। दुकान मालिकों ने ग्राहकों की आरती उतारी और फूल बरसाकर उनका स्वागत किया