आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि एक और आतंकवादी हमला होने की स्थिति में भारत के पास सभी विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकी ढांचों को नेस्तनाबूद करने में पाकिस्तान द्वारा ठोस कदम उठाए जाने पर भी सरकार जोर देगी।
सूत्रों ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके द्वारा एफ-16 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किए जाने के बारे में सबूत अमेरिका से साझा किए हैं और उसे भारत को विश्वास है कि अमेरिका इस विषय की जांच कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बालाकोट हमले के बाद से भारत आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान पर अधिक से अधिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान मध्यस्थता के लिए सभी देशों के पास गया, लेकिन भारत की स्थिति से वे कहीं अधिक सहमत हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कहा है कि यह कोई भारत-पाक मुद्दा नहीं, बल्कि आतंकवाद का मुद्दा है।