पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में चीनी सेना से हुई हिंसक झड़प में हमारे 20 जवान शहीद हो गए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को इस घटना पर ट्वीट कर अपनी संवेदना जताई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस ट्वीट में चीन का नाम होने पर कड़ी आपत्ति जताई और उनसे सोशल मीडिया मंच पर ही कई सवाल भी पूछे।
राहुल गांधी ने राजनाथ सिंह के ट्वीट को टैग करते हुए पांच सवाल पूछते हुए लिखा कि यह बहुत ही दर्दभरा है। उन्होंने पूछा, 'आपने अपने ट्वीट में चीन का नाम नहीं लिखकर आपने भारतीय सेना का अपमान क्यों किया? संवेदना जताने के लिए दो दिन क्यों लगे?'
इसके अलावा राहुल ने आगे पूछा, 'जब जवान शहीद हो रहे थे तब आप रैलियों को संबोधित क्यों कर रहे थे? क्यों खुद छिप गए और क्रोनी मीडिया को सेना पर सवाल उठाने दिया?' अपने आखिरी सवाल में उन्होंने पूछा, 'आखिर क्यों बिकाऊ मीडिया को भारतीय सरकार के बजाय सेना पर दोष मढ़ने दिया गया?'
उनसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा था, 'गलवां वैली में जवानों की शहादत बहुत ही परेशान और दर्द पहुंचाने वाली है। हमारे सैनिकों ने अदभुत साहस का परिचय दिया और देश के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया।'