चीन के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भारत-चीन के बीच बढ़ रही नजदीकियों को सराहा है। उन्होंने कहा कि चीन के साथ संबंध को लेकर भारत के जो सिद्धांत हैं, उनसे दोनों देश काफी नजदीक आए हैं।
चीन के गुआंग्जु प्रांत में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने यह बातें कहीं। मंगलवार को चीन के गुआंग्जु प्रांत में पहुंचे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी यहां से बीजिंग जाएंगे। बीजिंग में वह अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली केचियांग से मिलेंगे।
इस दौरान वह एनएसजी में भारत की सदस्यता को लेकर चीन के विरोध का मुद्दा उठाएंगे। इसके अलावा वह संयुक्त राष्ट्र में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर पर प्रतिबंधन लगाने का विरोध करने का मामला भी चीन के सामने उठाएंगे। इससे पहले गुआंग्जु में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने कभी भी संबंधों में दूरी बढ़ाने का काम नहीं किया है, बल्कि उसने हमेशा नजदीकियां बढ़ाने का काम किया है। यही तो भारतीय लोकतंत्र की खासियत है।