पूर्वी लद्दाख में भारत और चीनी सेना के बीच झड़प में भारतीय सेना के तीन जवान शहीद हो गए हैं, वहीं चीन के 5 जवानों के शहीद होने की खबर है और 11 घायल हुए हैं। यह झड़प सोमवार रात को पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में सेनाओं के पीछे हटने की प्रक्रिया के दौरान हुई। भारत चीन सीमा पर 50 साल में इस तरह की यह पहली झड़प है। भारत और चीन के बीच सीमा पर आखिरी बार 70 के दशक में गोली चली थी। लगभग 50 साल बाद यह सिलसिला टूटा है। गलवां घाटी उन क्षेत्रों में से एक है जहां चीनी सेना ने घुसपैठ की थी।
कैसी है पैंगोंग झील?
इस झील का पूरा नाम पैंगोंगे त्सो है जो 134 किलोमीटर लंबी है। यह झील हिमालय में करीब 14,000 फुट से ज्यादा की ऊंचाई पर स्थित है। इस झील का 45 किलोमीटर क्षेत्र भारत में पड़ता है, जबकि 90 किलोमीटर क्षेत्र चीन में आता है। बता दें कि इसी झील के किनारे बॉलीवुड फिल्म थ्री इडियट्स की शूटिंग हुई थी।
वास्तविक नियंत्रण रेखा इस झील के बीच से गुजरती है। कहा जाता है कि पश्चिमी सेक्टर में चीन की तरफ से अतिक्रमण के एक तिहाई मामले इसी पैंगोंग त्सो झील के पास होते हैं। इसकी वजह ये है कि इस क्षेत्र में दोनों देशों के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर सहमति नहीं है।