भारत सरकार ने बृहस्पतिवार को रंगीन टीवी के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया। सरकार के इस फैसले को चीन को झटका और 'आत्मनिर्भर भारत' की ओर एक और कदम माना जा रहा है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अधिसूचना में कहा, ‘रंगीन टेलीविजन की आयात नीति को संशोधित किया गया है। इनकी आयात नीति को मुक्त हटाकर प्रतिबंधित श्रेणी में लाया गया है।’
एक ओर चीन से साथ भारत का सीमा विवाद चल रहा है तो भारत भी उसे हर मोर्चे पर जवाब दे रहा है। सरकारी खरीह में सरकार ने चीनी कंपनियों का प्रवेश पहले ही प्रतिबंधित कर दिया है। केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से किसी भी तरह की सरकारी खरीद में चाइनीज कंपनियां बोली में शामिल नहीं हो सकती हैं।
इससे पहले डाटा सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत सरकार ने 59 चीनी मोबाइल एप्स पर भी प्रतिबंध लगाया दिया था। वहीं, हाल ही में करीब 47 और एप्स को भी प्रतिबंधित किया गया है। भारत सरकार की इस कार्रवाई से चीन को करारा झटका लगा है और उसने इससे नुकसान की बात भी स्वीकार की है।