भारत और संयुक्त अरब अमीरात शुक्रवार को मुक्त व्यापार समझौते (सीईपीए) पर हस्ताक्षर करेंगे। ये शिखर सम्मेलन शुक्रवार 18 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अबू धाबी के प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल के बीच वर्चुअली होगा।
इस समिट के बारे में बुधवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि जब भारत अपनी आजादी के 75 साल और संयुक्त अरब अमीरात अपनी स्थापना के 50 साल मना रहा है, ऐसे में दोनों नेताओं के बीच ये समझौता ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा।
यूएई सशस्त्र बलों के डिप्टी सुप्रीम कमांडर अल नाहयान और पीएम मोदी द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। भारत और यूएई शिखर सम्मेलन में सीईपीए पर हस्ताक्षर करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों में एक प्रमुख पहल व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (सीईपीए) है। सीईपीए के लिए बातचीत सितंबर 2021 में शुरू की गई थी और अब पूरी हो चुकी है।
एमईए ने कहा कि यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार पार्टनर है। इस समझौते के बाद द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों में महत्वपूर्ण वृद्धि दिखने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में बहुत सहयोग किया है। दोनों के द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और ऊर्जा संबंध भी मजबूत रहे हैं।