केरल के निर्दलीय विधायक पीवी अनवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर वन कार्यालय में तोड़फोड़ करने का आरोप है। इसी संबंध में पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि नीलांबुर के विधायक पीवी अनवर को जिला वन कार्यालय (डीएफओ) में कथित रूप से तोड़फोड़ करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया। अनवर उत्तरी केरल के इस जिले में हाथी के हमले में एक आदिवासी व्यक्ति की मौत पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। शनिवार शाम को जंगली हाथी ने कुचलकर आदिवासी व्यक्ति मणि की जान ले ली थी।
राज्य सरकार और वन विभाग की आलोचना की
इससे पहले दिन में निर्दलीय विधायक अनवर ने राज्य सरकार और वन विभाग की आलोचना की थी। विधायक के नेतृत्व में एक सामाजिक समूह डेमोक्रेटिक मूवमेंट ऑफ केरल (डीएमके) के कार्यकर्ताओं ने वन कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
वन्यजीव कर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि वन्यजीव कर्मियों ने क्षेत्र में मानव-पशु संघर्ष पर गौर करने में लापरवाही बरती है। उनमें से लगभग 10 ने उत्तर डीएफओ कार्यालय में जबरन घुसकर कार्यालय कक्ष में तोड़फोड़ की। नीलांबुर पुलिस ने अनवर और 10 अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।