पीएम नरेंद्र मोदी ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर लाल किले से देश के नाम संबोधन में नारी शक्ति का खास तौर पर जिक्र किया। पीएम ने अपने भाषण में महिलाओं की बात करके एक तीर से कई निशाने साधे हैं। पीएम ने नारी शक्ति का जिक्र कर आगे की रणनीति भी तय कर दी है। पीएम ने जहां नारी सशक्तिकरण को बढ़ाने की बात की। वहीं उनकी नजर देश की आधी आबादी के विकास पर भी रही। माना जा रहा है कि पीएम मोदी 2024 में महिलाओं के वोट बैंक के जरिए जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश करेंगे।
देश के प्रख्यात चुनावी विश्लेषक और सीएसडीएस के निदेशक प्रो. संजय कुमार अमर उजाला से चर्चा में कहते हैं कि पिछले एक दशक के आम चुनाव पर नजर डालें तो इसमें लगातार महिलाओं की भागीदारी बढ़ती हुई नजर आ रही है। जिस तरह से केंद्र में मोदी सरकार हो या फिर राज्यों में अलग-अलग पार्टियों की सरकारें, सभी ने महिलाओं के लिए विशेष स्कीम लाने पर जोर दिया है। ताकि इनका फायदा उन्हें चुनावों में हासिल हो सके। इसलिए आज हर राजनीतिक दल महिलाओं के वोट बैंक को साधने की कोशिश में जुटा हुआ नजर आ रहा है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान अपनी एक पीड़ा भी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'मैं एक पीड़ा जाहिर करना चाहता हूं। मैं जानता हूं कि शायद ये लाल किले का विषय नहीं हो सकता। मेरे भीतर का दर्द कहां कहूं। वह है किसी न किसी कारण से हमारे अंदर एक ऐसी विकृति आई है, हमारी बोलचाल, हमारे शब्दों में.. हम नारी का अपमान करते हैं। क्या हम स्वभाव से, संस्कार से रोजमर्रा की जिंदगी में नारी को अपमानित करने वाली हर बात से मुक्ति का संकल्प ले सकते हैं। नारी का गौरव राष्ट्र के सपने पूरे करने में बहुत बड़ी पूंजी बनने वाला है। ये सामर्थ्य मैं देख रहा हूं।'
पीएम मोदी ने कहा कि पुलिस से खेलकूद का मैदान या युद्ध की भूमि देखें। भारत की नारी शक्ति एक नए जोश के साथ आगे आ रही है। मैं आने वाले 25 सालों में नारी शक्ति हमें आगे बढ़ने में मौका देगा। जितनी सुविधाएं हमारी बेटियों के लिए केंद्रित करेंगे, वे बहुत कुछ लौटाकर देंगी। इस अमृत काल में जो सपने पूरे करने में जो मेहनत लगने वाली है, अगर नारी शक्ति जुड़ जाएगी, हमारी मेहनत कम हो जाएगी, हमारे सपने और तेजस्वी, ओजस्वी होंगे। हम इन जिम्मेदारियों को लेकर आगे बढ़ें।