BJP: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने चुनाव आयोग के निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि बढ़ती मतदाता भागीदारी यह दर्शाती है कि लोगों का आयोग और मतदान प्रक्रिया पर भरोसा मजबूत हो रहा है। नए भाजपा प्रमुख ने अपने संबोधन में क्या कहा, पढ़िए-
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को चुनाव आयोग (ईसीआई) के निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में बढ़ती मतदाता भागीदारी यह स्पष्ट संकेत है कि लोग मतदान प्रक्रिया और चुनाव आयोग दोनों पर अधिक भरोसा करने लगे हैं।
विज्ञापन
सामूहिक प्रयासों में योगदान दें युवा: नितिन नवीन
नवीन ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया और युवाओं, खासकर युवा मतदाताओं की लोकतंत्र में भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक एक विकसित देश बनने का लक्ष्य तभी हासिल कर सकता है, जब युवा सामूहिक प्रयासों में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा, राजनीतिक दल अलग हो सकते हैं, विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन युवाओं के लिए थीम 'देश पहले और सामूहिक प्रयास' होना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पहले मतपेटी में वोट डालने के बाद यह चिंता रहती थी कि पेटी कहां गई।
उन्होंने कहा कि आज देश इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल युग में है, जहां वोट डालते ही स्पष्ट हो जाता है कि वोट किसे दिया गया।
यह पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग की पूर्ण पारदर्शिता को दर्शाती है।
'चुनाव आयोग ने किए सकारात्मक बदलाव'
नवीन ने कहा कि पिछले कई वर्षों में चुनाव आयोग ने कई 'सकारात्मक बदलाव' किए हैं और अपनी कार्यप्रणाली को नई दिशा दी है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मजबूत हुई है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग समय-समय पर सभी आवश्यक कार्य करता है, जिसमें मतदाता सूची की शुद्धिकरण जैसी जिम्मेदारियां भी शामिल हैं।
'95 करोड़ मतदाताओं से मतदान कराना बड़ी उपलब्धि'
उन्होंने कहा, सोचने वाली बात है कि देश में लगभग 95 करोड़ मतदाता एक ही समय में अपने मत का प्रयोग करते हैं, जो कई देशों की संयुक्त जनसंख्या से अधिक है। इतने बड़े मतदाता समूह के लिए चुनाव कराना और पूरी पारदर्शिता बनाए रखना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
भाजपा प्रमुख ने कहा कि आज कई राज्यों में बढ़ती मतदाता भागीदारी यह स्पष्ट संकेत है कि लोगों का मतदान प्रक्रिया और चुनाव आयोग दोनों पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे।