नोटबंदी के बाद विशाल संख्या में आए कालाधन के मामलों के बीच आयकर विभाग के दो कर्मचारी संघों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और समुचित इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधा देने की मांग की है।
इससे करोड़ों रुपये के कर चोरी मामलों की सक्षमता से छान बीन की जा सकेगी। दोनों संगठन ‘इनकम टैक्स एंप्लाईज फेडरेशन (आईटीईएफ)’ और ‘इनकम टैक्स गजेटेड ऑफीसर्स एसोसिएशन (आईटीजीओए)’ आयकर विभाग के 97 फीसदी श्रम बल का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने संयुक्त ज्ञापन में कहा कि निचले और अधिकारी स्तरों पर कर्मचारियों की संख्या में कमी के कारण उनका उत्साह घट रहा है। नोटबंदी के बाद सामने आ रहे घटनाक्रमों से स्पष्ट है कि कालेधन और भ्रष्टाचार की समस्या से निपटने के लिए कई और कड़े कदम उठाने होंगे और उनमें आयकर विभाग को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।