बसपा सुप्रीमो मायावती ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर अधकच्चे एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करने का आरोप लगाया है। मायावती ने कहा है कि सपा जल्दबाजी में है। उसको पता लग गया है कि वे दोबारा सत्ता में नहीं आएगी, इसलिए आधे अधूरे एक्सप्रेस वे का उद्घाटन कर जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि जब वह मुख्यमंत्री थीं तब ही एक्सप्रेस वे की योजना बन गई थी। अधिकारियों ने उनको इसका उद्घाटन करने की भी सलाह दी थी। मगर उन्होंने जनता की सुरक्षा को देखते हुए जल्दबाजी में उद्घाटन करने से इंकार कर दिया।
संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की एक्सप्रेस वे पर जबरदस्त दुघर्टना हो गई। इसके बावजूद सपा सरकार नहीं जागी। सपा सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह विकास के झूठे दावे कर रही है, जबकि हकीकत में सपा सरकार उनके समय में हुए कामों को ही अपना बनाकर पेश कर रही है।
मायावती ने कहा कि लखनऊ में जनेश्वर पार्क पहले बाबा साहब अंबेडकर के नाम था। मगर अखिलेश सरकार ने इसका नाम बदलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की। सपा सरकार खराब कानून व्यवस्था पर से ध्यान हटाने के लिए अधपक्की योजनाओं को जनता को सौंप रही है।