आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तीन दिवसीय व्याख्यानमाला में धर्मगुरु, फिल्मी सितारे, खिलाड़ी, कारोबारी, सेवानिवृत्त जज व सशस्त्र सेनाओं के रिटायर्ड प्रमुख सहित 60 से ज्यादा देशों के राजदूत शामिल होंगे। अगले हफ्ते होने वाले इस कार्यक्रम में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 17 से 19 सितंबर तक होने वाली ‘आरएसएस के परिप्रेक्ष्य में भारत का भविष्य’ व्याख्यानमाला के लिए 500 विशिष्ट मेहमानों की सूची तैयार की गई है। कार्यक्रम के अंतिम दिन संवाद सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह अपनी तरह का पहला ऐसा कार्यक्रम होगा, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर संघ का दृष्टिकोण जानने के साथ-साथ इसकी कार्यशैली और विचारधारा को लेकर गलतफहमी को दूर किया जाएगा।
इसलिए इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के लोगों को बुलाया गया है। इससे पहले संघ ने राहुल गांधी, सीताराम येचुरी सहित अन्य विचारधारा वाले दलों के नेताओं को भी इस कार्यक्रम में बुलाने के संकेत दिए थे।