पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुंह से निकले शब्द को अब कांग्रेस पार्टी के नेता भाजपा के मुंह पर चिपका रहे हैं। कैप्टन ने हिमाचल में कहा था कि मोदी का आत्मविश्वास डोल गया है तभी बार-बार हिमाचल आ रहे हैं।
पढ़ें: हमारे नेताओं पर तो मुकदमा, अब जरा अपनों के बारे में बताओ मोदी जी : कांग्रेस
वड़ोदरा से हरेश मलानी कहते हैं कि कैप्टन ने जो हिमाचल में कहा है, वह गुजरात में फिट रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही नहीं पूरी भाजपा गुजरात में कांग्रेस के पक्ष में बन रही हवा को देखकर घबरा रही है। हरेश का कहना है कि भाजपा को राहुल गांधी फोबिया सता रहा है। तभी तो प्रधानमंत्री मोदी घूम-घूमकर गुजरात आ रहे हैं।
कल से भाजपा अध्यक्ष
मंगलवार से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात में महासंपर्क अभियान शुरू करने जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष का साथ देने के लिए रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी, केन्द्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय रेल एवं कोयला मंत्री पीयूष गोयल, संस्कृति मंत्री महेश शर्मा समेत करीब दर्जनभर मंत्री गुजरात में होंगे।
यह महासंपर्क अभियान 12 नवंबर तक चलेगा और इस दौरान भाजपा गुजरात में उच्चस्तरीय प्रचार करेगी। प्रचार को रफ्तार देने के लिए उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस लगातार सक्रिय हैं। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में अपनी यात्रा के तीन चरण को पूरा कर लिया है। वह नवसर्जन यात्रा के क्रम में हैं।
पढ़ें: मोदी मंत्र, सब फल खा जाओ - काम मत करो : राहुल
प्रधानमंत्री देंगे समय
भाजपा चाहती है कि प्रधानमंत्री गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए भरपूर समय दें। पार्टी के रणनीतिकारों ने प्रधानमंत्री की गुजरात में मौजूदगी की अपेक्षा को काफी बढ़ा दिया है। समझा जा रहा है कि गुजरात चुनाव प्रचार के आखिरी चार सप्ताह में प्रधानमंत्री 33 जिले वाले गुजरात में 50 के करीब जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।
उनके लिए छोटी-छोटी जन सभा, मीटिंग, रोड-शो, विभिन्न समुदायों से संवाद के लिए कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ सूत्र की माने तो गुजरात में प्रधानमंत्री पद यात्रा भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के साथ-साथ केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा भी गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए भरपूर समय दिया जा सकता है।