भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक होने वाले 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रक्षा उत्पादन विभाग (DDP) विशेष पवेलियन लगाएगा। इसमें सभी 16 डीपीएसयू और iDEX कार्यक्रम से जुड़े स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे
रक्षा उत्पादन विभाग (डीडीपी) 44वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में एक पवेलियन लगाएगा। ये मेला 14 से 27 नवंबर, 2025 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। यह पवेलियन ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित करेगा।
विज्ञापन
पवेलियन में देश की रक्षा विनिर्माण क्षमता, नवाचार और स्वदेशी तकनीकी विकास की शक्ति को दिखाया जाएगा। इसमें जमीनी प्रणालियों, नौसेना प्लेटफॉर्म, एयरोस्पेस और उभरती तकनीकों से जुड़ी अत्याधुनिक रक्षा सामग्रियां प्रदर्शित की जाएंगी।
स्टार्टअप्स की भी भागीदारी
इस प्रदर्शनी में सभी 16 रक्षा सार्वजनिक उपक्रम (DPSUs) भाग लेंगे। इसके साथ ही इनोवेशन फॉर डिफेंस एक्सीलेंस (iDEX) कार्यक्रम से जुड़े स्टार्टअप्स भी अपनी तकनीकें और नवाचार प्रदर्शित करेंगे। यह पवेलियन सरकार की उस नीति को उजागर करेगा जिसके तहत भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया है।
स्वदेशी क्षमता को बढ़ावा
डीडीपी का यह पवेलियन जनता और उद्योग जगत के बीच भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने का भी एक बड़ा प्रयास है। इसके माध्यम से निजी क्षेत्र और सरकारी एजेंसियों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने के तहत यह प्रदर्शनी देश की तकनीकी प्रगति और नवाचार का प्रतीक बनेगी। यह भारत के रक्षा क्षेत्र में तेजी से हो रहे परिवर्तन और उसकी वैश्विक पहचान को रेखांकित करेगी।