कई लोगों को उनका बिजली का बिल ज्यादा आने की शिकायत होती है। कुछ लोगों को लगता है कि उनका बिजली का मीटर ज्यादा 'भाग' रहा है। वहीं कभी-कभी इस बात की भी संभावना होती है कि आपके घर का कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान तकनीकी तौर पर खराब हो गया हो और वह अपनी स्टैंडर्ड क्षमता से ज्यादा बिजली का उपयोग कर रहा हो। लेकिन अब ऐसी किसी भी आशंका पर आपको चिंता करने की कोई जरुरत नहीं है।
आईआईटी, दिल्ली के शोध छात्र मयूख ने अमर उजाला को बताया कि स्मार्ट एनर्जी मीटर मुख्य मीटर के साथ जोड़कर लगाया जा सकता है। ऐसे में यह पूरे घर में बिजली की खपत की मात्रा बता देगा। घर में उपयोग किए जा रहे यंत्रों में उपभोग की जा रही कुल बिजली की तुलना में ज्यादा बिल आने पर लोग इसी मीटर को किसी भी यंत्र के साथ लगाकर यह चेक कर सकेंगे कि वह यंत्र अपनी स्टैंडर्ड क्षमता से कितना ज्यादा बिजली उपभोग कर रहा है। ऐसी स्थिति में वे अपने यंत्र को सही करवाकर बिजली का बिल कम कर सकेंगे। यह यंत्र बड़ी कंपनियों के लिए विशेष कारगर हो सकता है, जहां बिजली की खपत बहुत ज्यादा होती है।
स्मार्ट एनर्जी मीटर को 5G टेक्नॉलॉजी से जोड़ा गया है। इसका उपयोग केवल सामान्य घरों में ही नहीं, बल्कि बिजली कंपनियों में भी किया जा सकेगा। कंपनियों के इसका उपयोग किये जाने पर उन्हें किसी भी क्षेत्र में उपभोग की जा रही बिजली की खपत की रीयल टाइम जानकारी मिल सकेगी। इसके हिसाब से वे अपनी तैयारी कर विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर सकेंगी।
स्मार्ट एनर्जी मीटर केवल बिजली के मीटर के साथ ही नहीं, बल्कि पानी या गैस के मीटर के साथ भी लगाया जा सकेगा। यानी यह एक बहुउद्देश्यीय मीटर कहा जा सकता है। शुरुआती दौर में एक मीटर की कीमत छह से सात हजार रुपये के बीच आ रही है। लेकिन व्यावसायिक तौर पर उत्पादन के समय इसकी लागत कम हो सकती है।