महाराष्ट्र में आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर मामले में रोजाना नई बातें निकलकर सामने आ रहीं हैं। आरोप है कि पूजा खेडकर ने अपनी ऑडी कार में लाल बत्ती लगाई और साथ ही ‘महाराष्ट्र शासन’ भी लिखवाया। अब क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने इस मामले में पुणे की एक कंपनी को नोटिस जारी किया है। एक अधिकारी ने बताया कि कंपनी का ऑडी कार पर पंजीकृत मालिकाना हक है।
पुणे आरटीओ ने भेजा नोटिस
बताया गया है कि पुणे आरटीओ ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है। आरटीओ के एक अधिकारी ने कहा,‘पुणे आरटीओ ने गुरुवार शाम को एक निजी कंपनी को नोटिस जारी किया। कार नंबर एमएच-12/एआर-7000, कंपनी के नाम पर दर्ज थी। पंजीकृत उपयोगकर्ता का पता हवेली तालुका के शिवाने गांव में बताया गया है।’ अधिकारी ने बताया कि नोटिस में कंपनी से कार को जल्द से जल्द आरटीओ ऑफिस में लाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे त्वरित जांच की जा सके। पुणे आरटीओ ने अपने उड़न दस्ते को कार की तलाश में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निजी कार पर लिखवाया 'महाराष्ट्र शासन'
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर आईएएस पूजा खेडकर की ऑडी कार चलाने वाली तस्वीर वायरल हो रही है। हाल ही में आईएस पूजा खेडकर को लेकर काफी चर्चाएं हुईं हैं। दरअसल, उन्होंने पुणे में अपनी नियुक्ति के दौन अपने लिए अलग केबिन और सहायकों की मांग की है। उन पर यह आरोप भी है कि उन्होंने अपनी निजी कार में लाल बत्ती लगवाई। इसके अलावा उन्होंने बिना अनुमति के कार पर ‘महाराष्ट्र शासन’ भी लिखवाया।
बर्खास्त की जा सकतीं हैं पूजा खेडकर
अब सूत्रों के हवाले से ये खबर भी सामने आ रही है कि आईएएस पूजा खेडकर को पद से बर्खास्त किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि अगर वे दोषी पाईं जातीं हैं तो उनकी बर्खास्तगी तय मानी जा रही है।