केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को आईएसी विक्रांत के दूसरे समुद्री परीक्षण की समीक्षा की। यहां उन्होंने परीक्षणों पर संतुष्टि व्यक्त की और कहा कि हमारा लक्ष्य इसे अगस्त 2022 तक भारतीय नौसेना में औपचारिक रूप से शामिल करने का है।
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनेवाल ने रविवार को स्वदेशी विमानवाहक पोत (आईएसी) विक्रांत के समुद्री ट्रायलों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आईएसी विक्रांत को अगले साल अगस्त तक नौसेना में शामिल करने का लक्ष्य है। यह जहाज अपने दूसरे समुद्री ट्रायल के लिए 24 अक्तूबर को रवाना हुआ था।
विज्ञापन
पोत का दौरा करने गए सोनोवाल के साथ नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सोनोवाल और नौसेना प्रमुख ने आईएसी विक्रांत पर मौजूद कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के कर्मचारियों, नौसेना अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को संबोधित भी किया। इस विमानवाहक पोत का ट्रायल कोच्चि तट पर आयोजित किए जा रहे हैं।
सोनोवाल ने कहा, 'यह इसका दूसरा ट्रायल है। हमारा लक्ष्य इस जहाज को अगले साल अगस्त तक शामिल करने का है। कोचीन शिपयार्ड और नौसेना के संयुक्त सहयोग से बनाए गए पहले आईएसी विक्रांत की शुरुआत करते हुए मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है।' इस युद्धवाहक जहाज ने अपनी पहली समुद्री यात्रा इसी साल अगस्त में सफलतापूर्वक पूरी की थी।