अयोध्या रामजन्मभूमि मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले पर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा है कि भारत के इतिहास में आज का दिन स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। उद्धव ने कहा है कि वह 24 नवंबर को अयोध्या जाएंगे।
इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा है कि लालकृष्ण आडवाणी जी ने राम मंदिर निर्माण के लिए रथयात्रा निकाली थी। इसलिए मैं उनसे जरूर मिलूंगा और बधाई देकर उनका आशीर्वाद लूंगा।
अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया। पांच जजों की संवैधानिक पीठ ने विवादित जमीन पर रामलला के हक में निर्णय सुनाया। शीर्ष अदालत ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को राम मंदिर बनाने के लिए तीन महीने में ट्रस्ट बनाने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि 02.77 एकड़ जमीन केंद्र सरकार के अधीन ही रहेगी।
साथ ही मुस्लिम पक्ष को नई मस्जिद बनाने के लिए अलग से पांच एकड़ जमीन देने के भी निर्देश हैं। इसके अलावा कोर्ट ने निर्मोही अखाड़े और शिया वक्फ बोर्ड के दावों को खारिज कर दिया है। हालांकि निर्मोही अखाड़े को ट्रस्ट में जगह देने की अनुमति को स्वीकार कर लिया गया है।