हैदराबाद सामूहिक दु्ष्कर्म मामला
- फोटो : Social media
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में हुए गैगरेप मामले में पुलिस किशोर न्याय बोर्ड में एक याचिका दायर करने पर विचार कर रही है। हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि इस याचिका के द्वारा वह बोर्ड से सामूहिक बलात्कार मामले में सुनवाई के दौरान पांच किशोर आरोपियों को वयस्क की तरह पेश करने का अनुरोध करेगी। ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें अधिकतम सजा मिले । उन्होंने कहा कि अपील को स्वीकार या अस्वीकार करना किशोर न्याय बोर्ड का विवेकाधिकार है। ऐसा नहीं होने पर किशोर आरोपियों को केवल तीन साल की सजा होगी।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि सामूहिक बलात्कार मामले में पांच नाबालिगों समेत छह लोगों को पकड़ा गया है। नाबालिग पांचों आरोपी 28 मई को जुबली हिल्स इलाके में 17 वर्षीय लड़की के साथ हुई यौन उत्पीड़न की घटना में शामिल थे। पुलिस ने यह भी कहा है कि नाबालिग पांच आरोपियों में से एक आरोपी अगले महीने में बालिग हो जाएगा। आधार कार्ड पर दी गई उसकी जानकारी के मुताबिक, वह 7 जुलाई को 18 वर्ष का हो जाएगा।
राजनीतिक रसूख वाले हैं आरोपी
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने बताया कि मामले में सभी आरोपी प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों से आते हैं। इसके अलावा ताकतवर लोगों के साथ उनके संपर्क हैं। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद किशोर न्याय बोर्ड सिफारिश की जाएगी। पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने बीते दिनों इस मामले में बताया था कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस के इस कदम का तेलंगाना सरकार में मंत्री और तेलंगाना राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव ने का स्वागत किया है।
मुख्य आरोपी सादुद्दीन मलिक तीन दिनों की पुलिस हिरासत में
17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सादुद्दीन मलिक को बुधवार को नामपल्ली कोर्ट ने तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मलिक को 11 जून तक पुलिस हिरासत में रहना होगा। इससे पहले मंगलवार को सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। गौरतलब है कि हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में 28 मई को पब में गई किशोरी के साथ चार नाबालिगों सहित पांच लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया था। आरोपियों ने उसे घर तक ड्रॉप करने के बहाने से कार में बैठाया था। इसके बाद कथित तौर पर उसका यौन शोषण किया।