गूगल मैप्स वैसे तो लोगों को रास्ता बताने का काम करता है लेकिन इसकी वजह से एक दंपती के जीवन में परेशानी खड़ी हो गई है। गूगल मैप्स की वजह से एक पति इतना परेशान हो गया कि वो इसकी शिकायत करने के लिए पुलिस स्टेशन जा पहुंचा।
तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के मइलादुथुराई में 49 वर्षीय आर. चंद्रशेखरन नामक शख्स ने आरोप लगाया कि गूगल मैप्स ने उसके वैवाहिक जीवन में जहर घोल दिया है। यह उसे ऐसी जगहों पर दिखाता है जहां वह कभी गया ही नहीं। पत्नी इसे लेकर रोज झगड़ा करती है।
इस शख्स ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मोबाइल में ‘योर टाइमलाइन’ फीचर देखती है और सवाल पूछ-पूछकर परेशान करती है। इसे लेकर वह उसे सोने भी नहीं देती है। शिकायत में उसने कहा है कि मेरी पत्नी मुझसे अधिक गूगल मैप्स पर भरोसा करती है।
चंद्रशेखरन ने कहा कि पिछले कुछ महीने से उसकी पत्नी लगातार गूगल मैप्स का ‘योर टाइमलाइन’ फीचर देखकर सवाल करती रहती है कि आप कहां थे। गूगल की वजह से मेरा पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है। मैं पत्नी के सवालों के जवाब नहीं दे पाता हूं।
उसने कहा कि परिवार, संबंधियों, मेरे दोस्तों और काउंसलर के समझाने के बावजूद मेरी पत्नी किसी की नहीं सुन रही है। कई बार बताने के बावजूद वह मानने को तैयार नहीं है कि मैं सच बोल रहा हूं। चंद्रशेखरन ने अपनी शिकायत में कहा कि गूगल मैप्स के खिलाफ कार्रवाई करें और मुझे इंसाफ दिलाएं। जांच अधिकारी ने बताया कि अभी केस दर्ज नहीं किया गया है।