देश में रईसों का आंकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
दुनिया के अरबपतियों की जानकारी देने वाली हुरुन रिच लिस्ट 2021 (Hurun Rich List 2021) सामने आ चुकी है। इसमें दुनिया के तमाम देशों के साथ-साथ भारत के अरबपतियों का लेखा-जोखा दिया गया है। अहम बात यह है कि देश में कुल 1007 लोग ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हैं। इनमें से 179 लोगों की संपत्ति पहली बार 1000 करोड़ के पार पहुंची है। इस लिस्ट से खुलासा हुआ है कि ज्यादा पैसा कमाने के मामले में अब दिल्ली वालों ने मुंबई के लोगों को पछाड़ दिया है। इस रिपोर्ट में हम आपको बता रहे हैं कि देश के किन शहरों में ज्यादा पैसा कमाने वाले लोग रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, देश में 13 लोगों की संपत्ति एक लाख करोड़ रुपये या उससे ज्यादा आंकी गई है, जबकि पिछले साल सिर्फ पांच लोगों के पास इतनी संपत्ति थी। देश में इस वक्त कुल 1007 लोग की संपत्ति एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हैं। इनमें कुल 179 लोग ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति ने पहली बार 1000 करोड़ के पार का आंकड़ा छुआ।
हुरुन रिच लिस्ट में शामिल होने वालों और उनसे संबंधित राज्यों की बात करें तो सबसे पहले पायदान पर महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र के कुल 302 लोग रिच लिस्ट में शामिल हैं, जिनमें 54 नए लोग जुड़े हैं। दूसरे नंबर पर दिल्ली का नाम आता है, जहां कुल 167 लोग रिच लिस्ट में जुड़े हैं और इनमें 39 लोग नए जुड़े हैं। इस साल भी तीसरे नंबर पर कर्नाटक बना हुआ है, जहां कुल 90 लोग रिच लिस्ट में जुड़े हैं और इनमें 18 लोगों ने पहली बार इस सूची में अपना नाम दर्ज कराया है।
| राज्य |
कुल रईस |
नए रईस |
| महाराष्ट्र |
302 |
54 |
| दिल्ली |
167 |
39 |
| कर्नाटक |
90 |
18 |
| गुजरात |
75 |
15 |
| तमिलनाडु |
65 |
0 |
| तेलंगाना |
63 |
8 |
| पश्चिम बंगाल |
37 |
5 |
| हरियाणा |
25 |
9 |
| उत्तर प्रदेश |
22 |
13 |
| राजस्थान |
16 |
7 |
| केरल |
15 |
-1 |
| पंजाब |
8 |
0 |
| आंध्र प्रदेश |
6 |
-1 |
| मध्यप्रदेश |
4 |
0 |
| छत्तीसगढ़ |
4 |
0 |
| बिहार |
4 |
0 |
| झारखंड |
4 |
0 |
| ओडिशा |
4 |
0 |
| उत्तराखंड |
2 |
0 |
दुनिया के टॉप-18 शहरों की बात करें तो सबसे ज्यादा रईस भारतीयों के मामले में मुंबई टॉप पर है, लेकिन इस साल सबसे ज्यादा अमीर लोग दिल्ली में बढ़े हैं। दरअसल, मुंबई के कुल 255 लोग रिच लिस्ट में शामिल हैं, जिनमें नए अमीरों की संख्या 38 है। वहीं, रिच लिस्ट में शामिल दिल्ली के कुल लोगों की संख्या 167 है, जिनमें 39 लोग नए हैं। इसके बाद बेंगलूरू का नंबर आता है, जहां कुल 85 लोग रिच लिस्ट में शामिल हैं और नए लोगों की संख्या 18 है। वहीं, चौथे पायदान पर हैदराबाद है। यहां कुल 56 रईसों में पांच लोग नए हैं।
| शहर |
कुल रईस |
नए रईस |
शहर की सबसे रईस शख्सियत |
| मुंबई |
255 |
38 |
मुकेश अंबानी |
| नई दिल्ली |
167 |
39 |
शिव नादर |
| बेंगलूरू |
85 |
18 |
अजीम प्रेमजी |
| हैदराबाद |
56 |
5 |
मुरली दिवि |
| चेन्नई |
43 |
6 |
राधा वेम्बू |
| अहमदाबाद |
42 |
4 |
गौतम अडाणी |
| कोलकाता |
36 |
4 |
वेणु गोपाल बांगर |
| पुणे |
31 |
10 |
साइरस एस पूनावाला |
| सूरत |
18 |
7 |
अजय कुमार मनसुखलाल पटेल |
| दुबई |
16 |
1 |
विनोद शांतिलाल अडाणी |
| गुरुग्राम |
14 |
6 |
निर्मल कुमार मिंडा |
| लंदन |
12 |
-1 |
एलएन मित्तल |
| कोयम्बटूर |
11 |
-2 |
पी नटराज, केपीडी सिगामणि, केपी रामास्वामी |
| सैन फ्रांसिस्को |
9 |
2 |
जयश्री उल्लाल |
| लुधियाना |
8 |
0 |
राजिंदर गुप्ता |
| नोएडा |
8 |
3 |
दिनेश चंद्र अग्रवाल |
| राजकोट |
6 |
-1 |
भिल्खाभाई पोपटभाई विरानी |
| न्यूयॉर्क |
5 |
1 |
रैगी थॉमस |
| फरीदाबाद |
5 |
0 |
राजीव नाथ |
| उदयपुर |
5 |
0 |
विनोद कुमार अग्रवाल |
| आगरा |
5 |
0 |
योगेश कुमार जैन |
| लखनऊ |
5 |
0 |
अनिल कुमार सिंह |
| नागपुर |
5 |
0 |
सत्यनारायण नुवाल |
हुरुन लिस्ट के मुताबिक, देश के सबसे रईस व्यक्ति रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 7,18,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। बता दें कि मुकेश अंबानी लगातार 10 साल से इस लिस्ट में पहले नंबर पर बने हुए हैं। हुरुन रिच लिस्ट के इतिहास में पहली बार अडाणी बंधुओं ने टॉप-10 में जगह बनाई है। दूसरे नंबर पर गौतम अडाणी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 5,05,900 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके साथ ही गौतम अडाणी दूसरे सबसे रईस एशियाई व्यक्ति भी बन गए हैं। उन्होंने चीन के सबसे अमीर शख्स झोंग शानशान को पछाड़ दिया है। तीसरे नंबर पर शिव नादर, चौथे पर एसपी हिंदुजा एंड फैमिली, पांचवें पर लक्ष्मी निवास मित्तल, छठवें पर साइरस एस पूनावाला, सातवें पर राधाकृष्ण धमानी, आठवें पर विनोद शांतिलाल अडाणी, नौवें पर कुमार मंगलम बिड़ला और दसवें नंबर पर जय चौधरी हैं।
बता दें कि देश के टॉप-10 रईस लोगों में चार नए चेहरों ने एंट्री की है। इनमें आर्सेलर मित्तल के मालिक लक्ष्मी निवास मित्तल, आदित्य बिड़ला ग्रुप के कुमार मंगलम बिड़ला, कैलिफोर्निया बेस्ड साइबर सिक्योरिटी फर्म के मालिक जय चौधरी और अडाणी ग्रुप के विनोद शांतिलाल अडाणी शामिल हैं।