कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक शोरूम में अपमानित किए जाने पर एक किसान द्वारा कुछ ही देर में 10 लाख रुपये लेकर वहां पहुंचने का मामला सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, शोरूम में पिकअप ट्रक खरीदने गए एक किसान को उसकी वेशभूषा के लिए सेल्समैन ने कथित तौर पर अपमानित किया। इससे आहत होकर किसान चुनौती देकर वहां से चला गया और जल्द ही 10 लाख रुपये लेकर लौटा। लेकिन तब शोरूम ने उसे तुरंत गाड़ी देने में असमर्थता जता दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कई यूजर्स ने शोरूम पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए उसकी आलोचना की है।
ट्रक खरीदने शोरूम गया था किसान
यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, जब चिक्कसांद्रा होबली के रामनपाल्या के केम्पेगौड़ा नाम का किसान अपने सात साथियों के साथ एक शोरूम में बोलेरो पिकअप ट्रक खरीदने गया था। केम्पेगौड़ा ने कहा मेरे कपड़े और मेरी हालत देखकर उन्हें लगा कि मैं पैसे देने की हालतमें नहीं हूं। उनके एक फील्ड ऑफिसर ने मुझसे कहा कि आपके पास शायद 10 रुपये भी नहीं हैं, क्या आप यह गाड़ी खरीदेंगे? उसने यहां तक कहा कि जो लोग गाड़ी खरीदने आते हैं, वे इस तरह से नहीं आते हैं।
तुरंत 10 लाख लेकर शोरूम पहुंचा किसान
उन्होंने कहा, अपमानित महसूस कर रहे मेरे एक चाचा ने सेल्समैन को चुनौती दी कि वे 10 लाख रुपये देने के लिए तैयार हैं और क्या उन्हें तुरंत गाड़ी मिल जाएगी। इस पर शोरूम ने जवाब दिया कि अगर उन्हें आधे घंटे में पूरा पैसा नकद मिल जाता है, तो वह तुरंत गाड़ी दे देंगे। केम्पेगौड़ा ने कहा कि जब उन्हें 10 लाख रुपये मिले और 30 मिनट के भीतर इसे सेल्समैन के सामने रखा तो वह बात से पलट गया। उसने कहा कि कुछ वजहों से तुरंत गाड़ी नहीं दी जा सकती है।
ट्रक नहीं देने पर पुलिस को बुलाया
इससे नाराज केम्पेगौड़ा और उनके सहयोगियों ने पुलिस को सूचित किया और जगह छोड़ने से इनकार कर दिया। उन्होंने मांग की कि गांड़ी तुरंत दी जाए या अपमान के लिए लिखित माफी मांगी जाए। पुलिस के समझाने के बाद वे यह कहते हुए वहां से चले गए कि उन्हें अब शोरूम से कोई गाड़ी नहीं चाहिए, लेकिन वे चाहते हैं कि शोरूम माफी मांगे।