दिल्ली-एनसीआार में वाहनों के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट यानी एचएसआरपी अनिवार्य किए जाने के बाद से मुसीबत में आए दूसरे राज्यों के लोगों को यह खबर राहत देने वाली है। दरअसल उनके वाहनों के लिए भी दिल्ली में ही ऐसी नंबर प्लेट मिल सकेगी। यदि आप भी दिल्ली-एनसीआर से बाहर के राज्यों के वाहन चला रहे हैं और आपके वाहन पर सामान्य नंबर प्लेट लगी है तो चिंता न करें। अप्रैल तक दिल्ली सरकार अन्य राज्यों के वाहनों के लिए भी www.bookmyhsrp.com पर एचएसआरपी की व्यवस्था करने जा रही है।
अप्रैल 2019 से पहले की गाड़ियों पर अनिवार्य
बता दें कि केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने अप्रैल 2019 से पहले के सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य कर दी है। दिल्ली सरकार ने इस आदेश को कड़ाई से लागू कर दिया है। जिन वाहनों पर एचएसआरपी नहीं लगी है, उनके 5500 रुपये के चालान काटे जा रहे हैं।
ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में रह रहे मध्यप्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, हरियाणा व अन्य राज्यों के लोग परेशान थे। उन्हें चिंता थी कि एचएसआरपी कहां से लगवाएं, क्या उन्हें अपने गृह राज्य जाकर ये नंबर प्लेट लगवाना पड़ेगी। हालांकि दिल्ली सरकार ने दूसरे राज्यों के वाहनों के चालान अभी नहीं बनाने का फैसला भी किया है, लेकिन अब उनके लिए दिल्ली में एचएसआरपी की व्यवस्था हो रही है।
यह भी पढ़ें: क्या आपकी गाड़ी का नंबर DL, UP या HP से शुरू नहीं होता है तो इस खबर को जरूर पढ़ें
अभी सिर्फ दिल्ली, हिमाचल व यूपी के वाहनों के लिए बुकिंग
दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्रालय के अनुसार फिलहाल www.bookmyhsrp.com पर दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के वाहनों के लिए एचएसआरपी की बुकिंग की सुविधा दी जा रही है। अप्रैल 2021 तक दिल्ली में रह रहे देश के बाकी राज्यों के वाहन मालिकों को भी यह सुविधा मिलने लगेगी।
यह भी पढ़ें: हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट हुई अनिवार्य, दिल्ली-एनसीआर में बाहरी राज्यों के वाहनों का भी चालान करने की तैयारी
कलर कोडेड स्टीकर भी है अनिवार्य
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद परिवहन मंत्रालय ने सभी राज्य सरकारों से कहा था कि गाड़ी में किस तरह का ईंधन इस्तेमाल होता है इसका पता लगाने के लिए सभी गाड़ियों पर होलोग्राम आधारित कलर कोडेड स्टीकर का प्रबंध करें। दिल्ली में यह स्टीकर भी लगवाना अनिवार्य है।
यह होगा एचएसआरपी का फायदा
- हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट से देश के सभी वाहनों की नंबर प्लेट एक जैसी होगी।
- कोई भी नंबर प्लेट में बदलाव नहीं कर सकेगा।
- गाड़ियों की चोरी व जाली नंबर प्लेटों की बिक्री पर रोक लगेगी
- एचएसआरपी से पुलिस वाहन का पूरा ब्योरा तुरंत निकाल लेगी।