ओडिशा से एक ट्रेन के पटरी से उतरने की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि हावड़ा-भुवनेश्वर जन शताब्दी एक्सप्रेस भद्रक स्टेशन यार्ड के पास एक बैल से टकरा गई। इसके बाद ट्रेन के कुछ पहिए पटरी से उतर गए। एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि इंजन के पास वाली बोगी के सामने वाली ट्रॉली के दो पहिए पटरी से उतर गए। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना शाम 5.50 बजे की है।
विमान के शौचालय से 1.64 करोड़ की सोने की छड़ें जब्त
कस्टम विभाग के अधिकारियों ने चेन्नई हवाईअड्डे पर उतरे एक विमान के शौचालय में छिपाकर रखीं तीन किलो से ज्यादा वजन की सोने की छड़ें जब्त कीं। इनकी कीमत 1.64 करोड़ रुपये है। शनिवार को विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विमान शुक्रवार को दुबई से यहां के हवाईअड्डे पर उतरा था, जिसके शौचालय में 3.73 किलो सोने की 32 छड़ों को छिपाकर रखा गया था। कस्टम विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
मिजोरम : 1.87 करोड़ की हेरोइन जब्त, एक गिरफ्तार
मिजोरम पुलिस ने शुक्रवार रात आइजोल में 374 ग्राम हेरोइन बरामद कर जब्त की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 1.87 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने एक 43 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हेरोइन को साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था, जिसे आइजोल के पास चम्फाई से रोहलुपुई नाम की महिला से बरामद किया गया। हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस बारे में जांच की जा रही है।
700 माओवादी समर्थकों ने आत्मसमर्पण किया
ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पर स्थित विभिन्न गांवों के करीब 700 सक्रिय माओवादी समर्थकों ने शनिवार को मलकानगिरी जिले में पुलिस और बीएसएफ के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। ये सभी गांव ओडिशा-एपी सीमा पर स्थित हैं और पूर्व में माओवादियों का गढ़ थे। एक अधिकारी ने कहा कि ये माओवादी समर्थक हिंसक गतिविधियों में सहायता करते थे और सुरक्षा बलों, नागरिकों की हत्या में शामिल थे और उन्हें रसद की आपूर्ति भी करते थे।