कोरोना के बीच घरेलू सामान का इस्तेमाल
- फोटो : AMAR UJALA
कोरोना वायरस ने लोगों के व्यवहार में कई तरह के बदलाव ला दिए हैं। अब बाजार में शॉपिंग करने या फिर रेस्तरां में खाना खाने से पहले कोई भी दो बार सोचेगा। इसी तरह घर में आने वाले सामान के इस्तेमाल को लेकर भी लोगों के मन में कई सवाल आते हैं।
बाहर से सब्जी या फल खरीद रहे हैं, लेकिन साथ में कोरोना का खतरा साथ ना आ जाए इसके लिए इन चीजों के इस्तेमाल पर चंडीगढ़ पीजीआई अस्पताल के डॉक्टर बता रहे हैं कि कैसे बाहर से लाए गए फल या सब्जी का प्रयोग किया जाए, इनके इस्तेमाल से पहले किन बातों का ध्यान रखा जाए।
इस्तेमाल से पहले चार घंटे बाहर रखें चीज
डॉक्टरों का कहना है कि बाहर से आई किसी भी चीज को कम से कम तीन से चार घंटे के लिए बाहर रखा जाए। सब्जियों और फल के इस्तेमाल पर डॉक्टरों का कहना है कि पहले इन्हें थैली से निकालकर तीन से चार घंटे के लिए बाहर रखें फिर गर्म पानी में डालकर अच्छे से धोएं। इसके अलावा बैकिंग सोडा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
यही नहीं गर्म पानी में पोटेशियम परमेंगनेट की एक बूंद डालें और उसमें फल और सब्जियों को भिगो दें। यह एक तरह से सुरक्षित और कम खर्च वाला तरीका है। फलों और सब्जियों को सैनिटाइज ना करें, सैनिटाइजर के कैमिकल से फल सब्जी खतरनाक हो सकते हैं।
केले और प्याज जैसी वस्तुओं का क्या करें?
ऐसी चीजों को गर्म पानी में ना रखकर वहां रखें जहां गर्माहाट ज्यादा हो। खाने से पहले इन चीजों को तीन से चार घंटे पहले बाहर रखें और तुरंत इसका उपयोग ना करें।
पनीर और दूध के पैकेट से कैसे निपटें?
अगर पनीर और दूध एक पैकेट में हैं तो इन्हें मास्क लगाकर साबुन के पानी से धो लेना चाहिए। इनके खाली पैकेट ऐसी जगह फेंके जहां से इंसानी संपर्क ना हो। प्लास्टिक, धातु और कोल्डड्रिंक की कैन पर वायरस 24-28 घंटे बना रह सकता है, इन्हें ऐसे कमरे में छोड़ें जहां इंसानी संपर्क बहुत कम हो।
अन्य सामान का इस्तेमाल कैसे करें?
- दवा का पत्ता उपयोग करने से पहले इन्हें सामान्य कमरे के तापमान पर एक बंद डिब्बे में रख देना चाहिए
- नकदी और स्टेशनरी इस्तेमाल करने से पहले इन्हें दो से तीन घंटे के लिए बाहर रख देना चाहिए, इन पर सैनिटाइजर का कोई प्रभाव नहीं है
- कुरियर में आए सामान धूप में तीन से चार घंटे के लिए रख देना चाहिए