पाकिस्तान में भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को कथित जासूसी के मामले में फांसी की सजा मिलने के बाद से दोनों देशों में तनाव बढ़ गया है। जाधव को पाकिस्तान ने पिछले साल गिरफ्तार किया था। भारत में अब यह सवाल गूंज रहा है कि क्या कुलभूषण जाधव को बचाया जा सकता है? इस मामले में भारतीय खुफिया एजेंसी (रॉ) के पूर्व संयुक्त निदेशक वीके सिंह से बीबीसी संवाददाता निखिल रंजन ने बात की। पढ़िए उन्हीं के शब्दों में-
वीके सिंह की राय
कुलभूषण जाधव को बचाया जा सकता है और हिंदुस्तान को इसका पूरा हक है। वे भारतीय नागरिक हैं और हिंदुस्तान के अधिकारियों को उनसे मिलने देना चाहिए। पाकिस्तान में भारतीय दूतावास के जो लोग हैं उन्हें मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा है? यह पूरी तरह से हैरान करने वाला है। पाकिस्तान अपनी कार्रवाई करता रहे, लेकिन कोई दूसरे देश का नागरिक है तो उसे बातचीत से कैसे रोका जा सकता है?
मुझे उम्मीद है कि हम इसका कानूनी बचाव भी तैयार कर लेंगे। कुलभूषण को जिस तरीके से भी बचाया जा सकता है वो किया जाएगा। इस मामले में जो सामान्य प्रोटोकॉल है उसका पालन पाकिस्तान को करना चाहिए। वो जिनेवा कन्वेंशन का भी पालन नहीं कर रहे हैं। मैं तो पहली बार सुन रहा है हूं कि ऐसा किया जा रहा है।