विश्व हिंदू परिषद् (वीएचपी) की वेबसाइट पर जाएं तो होमपेज पर सबसे पहले इसी पर नजर आती है। वीएचपी की इसी वेबसाइट के मुताबिक, तोगड़िया का जन्म 12 दिसंबर 1956 को हुआ।गुजरात के अमरेली जिले में एक किसान परिवार में जन्मे प्रवीण की मां गांव में दूध बेचती थीं। प्रवीण बचपन से डॉक्टर बनना चाहते थे, इसलिए पढ़ाई के लिए अहमदाबाद आए और डॉक्टरी की पढ़ाई की।
प्रवीण ने मेडिकल में कैंसर सर्जरी की पढ़ाई की। हल्की उम्र में ही प्रवीण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल हुए। वीएचपी की वेबसाइट के मुताबिक, तोगड़िया ने दस हज़ार से ज़्यादा सफल ऑपरेशन किए। तोगड़िया ने एक इंटरव्यू में कहा था कि मेरी ऑपरेशन टेबल में एक भी शख्स की मौत नहीं हुई थी।
14 साल तक प्रैक्टिस करने के बाद प्रवीण तोगड़िया ने मेडिकल क्षेत्र से विदाई लेकर हिंदुत्ववादी एजेंडे को आगे बढ़ाना शुरू किया। प्रवीण तोगड़िया के बयानों से लोगों की जान को खतरा रहता है। इस पर तोगड़िया ने कहा था, ''गांधी के आजादी के आंदोलन में कितने ही लोगों की जान गई।''
प्रवीण तोगड़िया का अहमदाबाद में एक अस्पताल भी है, जिसका नाम धंवन्तरि है। ये वही अस्पताल है, जहां राजस्थान पुलिस से बचते हुए तोगड़िया ने जाने की कोशिश की थी और इसकी जानकारी उन्होंने मंगलवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
कभी मोदी के साथ आरएसएस में थे तोगड़िया
80 के दौर में मोदी और प्रवीण तोगड़िया दोनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में थे। लेकिन कुछ वक्त बाद ही प्रवीण विश्व हिंदू परिषद और मोदी बीजेपी में आ गए। प्रवीण तोगड़िया राम मंदिर आंदोलन के वक्त भी काफी सक्रिय रहे थे। साल 2002 में गुजरात में हुए दंगों में भी प्रवीण तोगड़िया पर अहम भूमिका निभाने का आरोप लगा। हालांकि तोगड़िया इन आरोपों को हमेशा खारिज करते आए हैं।
तोगड़िया ने एक इंटरव्यू में कहा था, ''जब ये घटना हुई, तब मैं अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन चला रहा था।''जानकारों के मुताबिक, साल 2002 तक तोगड़िया की मोदी से काफी करीबी थी। लेकिन 2002 के बाद तत्कालीन गुजरात की मोदी सरकार ने तोगड़िया के सहयोगियों के खिलाफ जो कदम उठाए, वहां से दोनों दोस्तों के बीच दूरियां बढ़ने लगी।
मोदी के आलोचक तोगड़िया
वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई अपनी किताब '2014: इलेक्शन डेट चेंजड इंडिया' में लिखते हैं, ''संभवत जो बात सच है वो ये कि फरवरी 2002 की तारीख में गुजरात का असली बॉस नरेंद्र मोदी नहीं, बल्कि वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया थे।''मोदी और तोगड़िया के बीच मतभेद की एक वजह गुजरात में मंदिरों को तोड़ा जाना भी रहा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, साल 2008 में काफी संख्या में अनाधिकृत मंदिरों को तोड़ा गया था।इसको लेकर तोगड़िया और मोदी के बीच मुलाकात भी हुई थी। मोदी के सरकार में आने के बाद राममंदिर के लिए कुछ न किए जाना और गोरक्षा को लेकर हिंसा पर मोदी के बयान की भी तोगड़िया ने आलोचना की।
तोगड़िया ने कहा, ''मुसलमानों को रोजगार देने की चिंता करते हो. देश के 80 फीसदी को फर्जी और गुनहगार बताया जाता है क्योंकि वो हिंदू हैं। ये गोमाता और हिंदुओं का अपमान है।''
तोगड़िया की 'त्रिशूल दीक्षा'
ऐसा नहीं है कि तोगड़िया पहली बार अपनी हरकतों की वजह से चर्चा में हैं। अप्रैल 2003 में तोगड़िया को अजमेर में शस्त्र क़ानून के उल्लंघन के आरोप में राजस्थान से गिरफ़्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक़, प्रवीण तोगड़िया ने कानूनी प्रतिबंध होने के बावजूद अजमेर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को त्रिशूल बाँटे थे। हालांकि इस गिरफ्तारी का तोगड़िया पर ज़्यादा असर नहीं हुआ और बाद के दिनों में वो दूसरे राज्यों में ऐसा करते नजर आए थे।
इसके अलावा बीते कई सालों में तोगड़िया के खिलाफ कई बार भड़काऊ भाषण मामले में केस दर्ज गए हैं। लेकिन हर बार प्रवीण तोगड़िया कुछ महीने की चुप्पी के बाद एक मंच पर तिलक लगाए नजर आते हैं।और कैंसर के डॉक्टर प्रवीण तोगड़िया भाषणों की प्रैक्टिस में जुट जाते हैं।