आगरा-मथुरा हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आईएसबीटी के पास शनिवार रात साढ़े नौ बजे इनोवा और ऑल्टो कार की भीषण भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। हादसा सिकंदरा की ओर से आती तेज रफ्तार इनोवा कार की वजह से हुआ।
बेकाबू इनोवा डिवाइडर को तोड़ते हुए खंदारी की ओर से आती ऑल्टो कार की छत से टकराती हुई सड़क किनारे के गड्ढे में जा गिरी। हादसे में ऑल्टो की छत उड़ गई। मृतकों में एक ही परिवार के ऑल्टो सवार चार लोग और एक राहगीर महिला है। हादसे के बाद हाईवे पर भीषण जाम लग गया।
मृतकों में हरीपर्वत के सुल्तानगंज पुलिया निवासी राकेश कुमार (50), उनका बेटा ऋषभ (16), भांजा हाकू पुत्र रतनलाल (रोहता), किरायेदार का बेटा सहित एक अज्ञात महिला है। हादसे के बाद इनोवा गाड़ी में सवार चार लोग भाग खड़े हुए, जबकि एक घायल को सिकंदरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि एचआर 29 एएच 8176 नंबर की इनोवा सिकंदरा की ओर से भगवान टाकीज की ओर जा रही थी।