दोहा से हांगकांग जा रही कतर एयरवेज की एक फ्लाइट को मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी के चलते अहमदाबाद एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। विमान को सुरक्षित उतार लिया गया है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
कतर एयरवेज की ओर से दी गई जानकारी के मुताबि, उड़ान संख्या QR816 ने सुबह करीब 9 बजे दोहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और दोपहर करीब 2:40 बजे उसे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अहमदाबाद) पर डायवर्ट किया गया।
अहमदाबाद हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, तकनीकी दिक्कत आने के कारण दोहा-हांगकांग मार्ग की यह उड़ान एहतियातन अहमदाबाद की ओर मोड़ी गई थी। विमान ने दोपहर करीब 2:40 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। अधिकारी ने कहा कि विमान की पूरी जांच के बाद ही उड़ान दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। कतर एयरवेज की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, यह उड़ान शाम 5:30 बजे अहमदाबाद हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 से हांगकांग के लिए रवाना होगी।
पक्षी से टकराने के बाद इंडिगो विमान की अगरतला में आपात लैंडिंग
इंडिगो के कोलकाता जाने वाले एक विमान को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद ही अगरतला में आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। सभी यात्री सुरक्षित हैं, उन्हें अन्य उड़ानों में बैठाया गया। दरअसल, मंगलवार को विमान से पक्षी टकराने के संदेह पर पायलट ने उड़ान की आपात लैंडिंग कराई। हवाई अड्डा के निदेशक केसी मीणा ने बताया कि विमान को बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। मीणा ने कहा, इंडिगो का विमान दोपहर 12.40 बजे एमबीबीए हवाई अड्डे से कोलकाता के लिए उड़ा और 20 मिनट बाद पायलट को हवा में किसी पक्षी के टकराने का संदेह होने पर विमान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। कोलकाता से आए इंजीनियरों की टीम ने मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार विमान की जांच की।