कर्नाटक पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : पीटीआई
कर्नाटक के रामनगर जिले के श्री कंचुगल बंदे मठ के मुख्य पुजारी बसवलिंगा स्वामी (45) ने अपने कक्ष में कथित तौर पर सोमवार को फंदे पर लटक कर जान दे दी। उनके कक्ष से दो पेज का सुसाइड नोट मिला था। पुलिस ने उनकी अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में अब पुलिस ने खुलासा बडा़ खुलासा किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके सुसाइड नोट से जानकारी मिली है कि बसवलिंगा स्वामी को हनीट्रैप का शिकार बनाया गया था। इतना ही नहीं, उन्हें ब्लैकमेल भी किया जा रहा था। इसके अलावा एक बड़ा खुसाल यह भी हुआ है कि मठ के मुख्य पुजारी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों में मठ के ही दो लोग थे।
हनीट्रैप का शिकार हुए थे स्वामी
रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि मठ के ही दो लोगों ने उनके किसी अनजान महिला के साथ कुछ अश्लील वीडियो बना लिए थे। इन वीडियोज के जरिए ही वे स्वामी को ब्लैकमेल कर रहे थे। इस मामले में पुलिस का कहना है कि वह उस महिला और इस पूरे मामले में शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि सुसाइड नोट में लिखा है कि वे लोग स्वामी बसवलिंगा को मठ के मुख्य पुजारी के पद से हटाना चाहते थे। हालांकि पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है।
बसवलिंगा स्वामी 1997 में इस 400 साल पुराने मठ के मुख्य पुजारी बने थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे कुछ शिष्यों ने उन्हें फंदे पर लटका पाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीलामंगला के सरकारी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
कुछ लोगों पर चरित्र हत्या का आरोप
पोस्टमॉर्टम के बाद शव मठ को सौंप दिया गया। पुलिस को उनके कक्ष से दो पेज का सुसाइड नोट मिला था। मठ के सूत्रों के अनुसार कुछ लोग उनकी चरित्र हत्या का प्रयास कर रहे थे।
एक साल में मठ के स्वामी की खुदकुशी का दूसरा मामला
कर्नाटक में मठ के प्रमुख द्वारा खुदकुशी का एक साल में दूसरा मामला है। इसके पहले चिलुम मठ के बसवलिंगा स्वामी 19 दिसंबर 2021 को इसी तरह मृत मिले थे। कहा गया था कि खराब स्वास्थ्य के चलते उन्होंने यह कदम उठाया था।
सितंबर में महिलाओं का ऑडियो टेप जारी होने के बाद एक स्वामी ने की थी खुदकुशी
इससे पहले सितंबर में कर्नाटक के श्री गुरु मैदिवालेश्वर लिंगायत मठ के स्वामी बसवा सिद्धलिंग स्वामी ने भी फंदे पर लटक कर जान दे दी थी। पुलिस सूत्रों ने कहा था कि बसवा सिद्धलिंग स्वामी कथित तौर पर उस ऑडियो क्लिप से परेशान थे, जिसमें कर्नाटक के मठों में यौन उत्पीड़न के कथित मामलों को लेकर दो महिलाएं चर्चा कर रही थीं। इन महिलाओं ने ऑडियो में उनके नाम का भी जिक्र था।
शरणारू को भेजा गया जेल
बसवा सिद्धलिंग स्वामी की खुदकुशी की घटना एक अन्य लिंगायत मठ के प्रमुख शिवमूर्ति मुरुघ शरणारू द्वारा दो नाबालिग छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले में जेल जाने के बाद हुई थी। शरणारू के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम पॉक्सो (POCSO) और एससी एसटी एक्ट (SC-ST ACT ) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।