तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन।
- फोटो : अमर उजाला
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कोयंबटूर कार धमाके मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से कराने की सिफारिश की है। उन्हों ने मामले की जांच एनआईए से कराने के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश की है। दरअसल, कोयंबटूर जिले के उक्कड़म में मंगलवार सुबह एक कार में एलपीजी सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। कोयंबटूर सिटी पुलिस द्वारा गिरफ़्तार किए गए पांचों आरोपियों को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। सभी पांचों आरोपियों को कोयंबटूर केंद्रीय कारागार ले जाया गया था। पूरे शहर में आरएएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया था।
तमिलनाडु के एडीजी पी. थामराई कन्नन ने बताया था कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। मामले में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत के दर्ज किया गया है। पुलिस ने आतंकी एंगल सहित सभी पहलुओं को कवर करते हुए जांच तेज कर दी थी।
कोयंबटूर कार विस्फोट मामले पर तमिलनाडु BJP अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने कहा कि हम खुश हैं क्योंकि मामला NIA को भेजा रहा है। कल BJP के प्रेस वार्ता के बाद CM के पास कोई और रास्ता नहीं था। हमने कल गृह मंत्री अमित शाह को भी इस मामले में पत्र लिखा था, जिसके बाद आज मामले को NIA को सौंपा गया।
क्या है मामला
जिस कार में जमशा मुबीन यात्रा कर रहा था उसमें गैस सिलेंडर फटने से उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि एनआईए के अधिकारी विस्फोट स्थल और मुबीन के घर का दौरा कर सकते हैं। गौरतलब है कि मुबीन के घर से गत 23 अक्तूबर को कथित तौर पर 75 किलोग्राम निम्न तीव्रता के विस्फोटक जब्त किए गए थे। विस्फोट उस वक्त हुआ था, जब मुबीन इस शहर में एक कार से एक मंदिर के पास से गुजर रहा था। उसने कथित तौर पर एक पुलिस चेक पोस्ट से बचने की कोशिश की थी।