गृह मंत्रालय ने 'पैरा मिलिट्री सर्विस पैकेज' डेबिट कार्ड को अपग्रेड कर दिया है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के 10 लाख से अधिक जवानों और अफसरों को इसका फायदा होगा। उन्हें एक ही कार्ड पर अनेक सुविधाएं मिलेंगी। कई तरह के लोन की सुविधा के अलावा सीएपीएफ कर्मियों का बीमा कवर भी बढ़ाया गया है।
सूबेदार मेजर तक 75 हजार रुपये, सहायक कमांडेंट से डिप्टी कमांडेंट तक डेढ़ लाख और इनसे ऊपर के सभी रैंक वालों को दो लाख रुपये तक की ओवर ड्राफ्ट सुविधा दी जाएगी। एयर एक्सीडेंटल डेथ कवर एक करोड़ रुपये रखा गया है।
सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, एनएसजी, एसएसबी, आईटीबीपी और आरपीएसएफ के जवानों एवं अफसरों को उनके रैंक के हिसाब से अलग अलग डेबिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
सूबेदार मेजर तक के कर्मियों को गोल्ड कार्ड मिलेगा, जबकि डिप्टी कमांडेंट एवं सहायक कमांडेंट को डायमंड कार्ड और टूआईसी से लेकर डीजी तक के अधिकारियों को प्लेटिनम कार्ड जारी होगा। उक्त कार्ड के सभी लाभ पेंशनधारकों को भी मिलेंगे। हालांकि पेंशनधारकों को पर्सनल एक्सीडेंट कवर बीमा की सुविधा नहीं दी गई है।
इंटरनेशनल गोल्ड डेबिट कार्ड और प्लेटिनम डेबिट कार्ड पर पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस डेथ कवर के अतिरिक्त दो लाख एवं पांच लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। साथ ही चार लाख एवं दस लाख रुपये का एयर एक्सीडेंट कवर भी अलग से रहेगा। चेक इन बैगेज लॉस के लिए बीमा कवर 25 हजार और 80 हजार रुपये तक निर्धारित किया गया है।
कार्ड गुम होने पर 80 हजार एवं दो लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान किया गया है। इंटरनेशनल गोल्ड डेबिट कार्ड के जरिए एक बार में 50 हजार रुपये निकाले जा सकते हैं, जबकि प्लेटिनम डेबिट कार्ड वालों के लिए एक लाख रुपये तक की ट्रांजेक्शन सीमा रखी गई है।