केंद्र सरकार ने राज्यों को दूसरे मुल्कों से सीधे संपर्क न करने की सलाह दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए अन्य देशों की एजेंसियों से केंद्र के जरिये ही बात करें। इस क्रम में मंत्रालय ने चीन, अफगानिस्तान, ईरान जैसे देशों से सीधे संपर्क साधने के प्रति आगाह किया है।
मंत्रालय ने पत्र में लिखा है कि कुछ देशों की एजेंसियां परस्पर सहयोग, संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण और विचारों के आदान-प्रदान के लिए गृह मंत्रालय की जगह सीधे राज्यों से संपर्क साध रही हैं। संबंधित राज्यों को गृह मंत्रालय की जानकारी के बिना सीधा निमंत्रण भेजा जा रहा है। पत्र में कहा गया है कि कई ऐसे भी देश हैं जो हमारे लिए चिंता का विषय हैं।
पत्र में कहा गया है कि दूसरे देशों के संस्थानों या एजेंसियों का आग्रह स्वीकार करने से पहले गृह मंत्रालय से राय ली जानी चाहिए। राज्यों को गृह मंत्रालय के निर्देश के अनुरूप ही कदम उठाना चाहिए।