केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह
- फोटो : amar ujala
जम्मू-कश्मीर में भाजपा-पीडीपी गठबंधन टूटने और राज्यपाल शासन लगने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह पहली बार राज्य का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में गुरुवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की और अधिकारियों से कश्मीर के मौजूदा हालात पर चर्चा की। साथ ही अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से बात की।
राजनाथ सिंह बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और केंद्रीय गृह सचिव राजीव गोउबा के साथ जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। बुधवार को ही उन्होंने राज्यपाल एन. एन. वोहरा से मुलाकात की और कश्मीर के हालात की समीक्षा की। उन्होंने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी गवर्नर से जानकारी ली।
गौरतलब है कि आतंकी बुरहान वानी की बरसी (8 जुलाई) पर अलगाववादियों ने घाटी में बंद का आयोजन किया है। इससे अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के लिए अधिकारियों के साथ भी विचार विमर्श किया। उन्होंने राज्यपाल के साथ बैठक में विकास कार्यक्रमों के कार्यान्वयन के बारे में भी जानकारी ली।
इससे पूर्व बुधवार को श्रीनगर के तकनीकी एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल के सलाहकारों बी बी व्यास, के विजय कुमार और खुर्शीद अहमद गनेई के अलावा मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रमन्यम, पुलिस महानिदेशक डा. एस पी वैद सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया।
आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। आज वो बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन करने जाने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्होंने इसे टाल दिया है। इससे पहले बुधवार को उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि वो गुरुवार को बाबा अमरनाथ के दर्शन करने जाएंगे और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा प्रबंधों के बारे में उनसे फीडबैक भी लेंगे।