महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे की पूजा करने वालों से मोदी सरकार ने खुद को अलग कर लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यों को निर्देश दिया है कि अगर कोई गोडसे की पूजा करता है तो उस पर कार्रवाई करे। बता दें कि 30 जनवरी, 1948 को नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की हत्या की थी।
राज्यसभा में जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आखिर कोई कैसे नाथूराम गोडसे की पूजा कर सकता है? राष्ट्रपिता की हत्या करने वाले के समर्थन में अगर कोई भी कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो ऐसे मामलों में राज्य सरकारें खुद कार्रवाई करें।
राज्यसभा में सदस्यों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा राज्य से जुड़ा हुआ है, अगर कोई ऐसी किसी गतिविधि में शामिल है तो राज्य सरकारें अपने स्तर पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए स्वतंत्र हैं।