केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर हमेशा केंद्र शासित प्रदेश नहीं रहेगा और एक बार सुरक्षा की स्थिति सुधरने पर उसका राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा। शाह ने सोमवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2018 बैच के प्रोबेशनरों से बात करते हुए कहा, अनुच्छेद 370 हटाने के बाद से राज्य में न एक भी गोली चली और न ही एक व्यक्ति की मौत हुई।
शाह ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को न सिर्फ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए, बल्कि इसे सुशासन के लिए भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि एनआरसी को सिर्फ राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए। सभी नागरिकों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए यह बेहद जरूरी है। गृहमंत्री ने आईपीएस प्रोबेशनर्स को ऐसी सेवा का हिस्सा होने पर गर्व करने के लिए प्रोत्साहित किया, जो लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।